आजमगढ़: फर्जी मदरसा संचालित कर शासन को गुमराह करने का आरोप, प्रबंधक मोहम्मद अकरम गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस ने फर्जी अभिलेखों के आधार पर मदरसा संचालित कर शासकीय व्यवस्था को गुमराह करने के आरोप में वांछित अभियुक्त मोहम्मद अकरम को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले का खुलासा एसआईटी एवं आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच के दौरान हुआ था।
पुलिस के अनुसार, मदरसा पोर्टल पर पंजीकृत संस्थानों के सत्यापन के दौरान मदरसा इस्लामिया मोहम्मदल्ला, सिधारी, आजमगढ़ (आईडी-191100462) निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया। इसके बाद राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (EOW) के निरीक्षक ब्रह्म प्रकाश सिंह ने 13 फरवरी 2025 को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मदरसे के प्रबंधक मोहम्मद अकरम पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी रैदा थाना पवई, ने फर्जी अभिलेखों के आधार पर मदरसा संचालित करते हुए अनियमितताएं की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में थाना सिधारी पुलिस ने 11 जून 2026 को मुण्डा तिराहा क्षेत्र से वांछित अभियुक्त मोहम्मद अकरम (लगभग 40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मराज यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह तथा कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।


















































Leave a comment