13 जून को VVIP आगमन की तैयारियां तेज, मंडलायुक्त, डीएम व एसएसपी ने कोटवा कृषि महाविद्यालय का किया निरीक्षण
आजमगढ़। जनपद में आगामी 13 जून को प्रस्तावित वीवीआईपी आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त विवेक, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कोटवा स्थित कृषि महाविद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल, वीआईपी एवं आमजन की पार्किंग व्यवस्था, सेफ हाउस, बैठक स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त विवेक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जनसभा स्थल पर पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन एवं विशिष्ट अतिथियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने बैठक कर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की और विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। :::


















































Leave a comment