दरगाह मोड़ पर रोडवेज बस में पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री
घोसी।अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला दरगाह मोड़ पर शुक्रवार को रोडवेज बस और बालू लदे ट्रेलर की टक्कर में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मऊ से सोनौली जा रही रोडवेज बस संख्या यूपी 78 एचटी 3960 के चालक राहुल कुमार निवासी कानपुर अमिला दरगाह मोड़ पर बस को अपने साइड में खड़ा कर सवारियां उतार रहे थे। इसी दौरान बिहार से लाल बालू लादकर गोरखपुर जा रहा ट्रेलर संख्या बीआर 06 जीजी 6468 पीछे से आकर बस में टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडवेज बस का दाहिना पिछला हिस्सा तथा ट्रेलर का सामने का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस चालक राहुल कुमार ने बताया कि वह सड़क किनारे बस खड़ी कर यात्रियों को उतार रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रेलर ने बस में टक्कर मार दी। वहीं ट्रेलर चालक दुर्गेश यादव निवासी गौरी बाजार, जनपद देवरिया का कहना था कि रोडवेज बस ने ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रेलर पीछे से भिड़ गया।
रोडवेज बस में सवार यात्रियों का कहना था कि बस साइड में खड़ी थी, और यात्री उतर रहे थे, तभी ट्रेलर चालक ने लापरवाही से पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कराया।




















































Leave a comment