Crime News / आपराधिक ख़बरे

सनसनी खेज हत्या कांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर चार बच्चों और मां की मौत से दहला था इलाका, दो पुलिसकर्मी भी घायल

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में हुए दिल दहला देने वाले सामूहिक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह अकबरपुर थाना क्षेत्र के बाईपास के पास पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी आमिर मारा गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, सुबह आमिर की लोकेशन मिलने पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आमिर के सीने में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी सिपाही जाकिर हुसैन के बाएं हाथ में गोली लगी है। यह पूरा मामला शनिवार को सामने आया था, जब अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में सऊदी अरब में कार्यरत नियाज के चार मासूम बच्चों—शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और सादिया उर्फ बयान (8)—की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बच्चों के सिर पर सिलबट्टे जैसी भारी वस्तु से वार किए गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से बच्चों की मां गासिया खातून लापता थीं, जिसके चलते शुरुआती जांच में उन्हीं पर हत्या का शक जताया गया था। पारिवारिक विवाद, विशेषकर पति के दूसरी शादी करने की बात, इस संदेह का आधार बनी थी। बच्चों के ताऊ सलीम की तहरीर पर पुलिस ने गासिया के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज किया था। हालांकि, रविवार शाम को मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब घर से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में गासिया खातून का शव बरामद हुआ। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर भेज दिया है। मां का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और आमिर को मुख्य संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश तेज कर दी, जिसका अंत सोमवार सुबह मुठभेड़ में हुआ। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh