Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिलरियागंज: गैस रिफिल के लिए मची अफरा-तफरी, उपभोक्ताओं में रोष

- बुकिंग व डीएसी नंबर के बावजूद एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं लोग
- केवाईसी के नाम पर भी उपभोक्ताओं को दौड़ाने का आरोप
बिलरियागंज (आजमगढ़): कस्बे की गैस एजेंसी पर इन दिनों रसोई गैस रिफिल को लेकर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आलम यह है कि बुकिंग और डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) जनरेट होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। परेशान उपभोक्ता पिछले कई दिनों से एजेंसी की चौखट पर दस्तक देने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कस्बे के मुस्तकीम ने बताया कि मोबाइल पर डीएसी नंबर आने के बाद भी वह तीन दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिली। वहीं जमीन रसूलपुर निवासी लारियाब का कहना है कि केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने के एक महीने बाद भी उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई है।

मैसेज का खेल: बुकिंग के बाद भी नहीं पहुंच रही डिलीवरी

मऊ कुतुबपुर के अंकित कुमार ने बताया कि पिछली बार उन्हें 29 जनवरी को सिलेंडर मिला था। इस बार बुकिंग के बाद डिलीवरी का मैसेज तो आया, लेकिन सिलेंडर घर नहीं पहुँचा। भैंसहा के उपेंद्र नाथ की व्यथा और भी अलग है। उन्होंने बताया कि पहले तो गैस रिफ्यूजल (लेने से इनकार) का मैसेज आया, फिर दोबारा बुक करने पर डिस्ट्रीब्यूटर की ओर से बुकिंग कैंसिल कर दी गई। 11 मार्च से लगातार दौड़ लगाने के बाद अब जाकर उन्हें सिलेंडर मिल सका है।
इस संबंध में गैस एजेंसी के संचालक प्रमोद यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ी है। जिन उपभोक्ताओं का डीएसी नंबर जनरेट हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने वितरण व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh