Latest News / ताज़ातरीन खबरें

महराजगंज में भक्ति की गूंज: संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रीकृष्ण बाल लीलाओं पर झूमे श्रद्धालु

•गोवर्धन पूजा प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन, कथा पंडाल में उमड़ी आस्था की भीड़

महराजगंज/आजमगढ़, क्षेत्र के पुराना डाकघर के पास, सैनी मॉन्टेसरी स्कूल के बगल में आयोजित संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के पांचवें दिन शनिवार को कथा पंडाल पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच वृन्दावन धाम से पधारे आचार्य अनूप पाण्डेय जी महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा प्रसंग का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया।
आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि जीवन को सरल, सच्चा और धर्ममय बनाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने गोवर्धन पूजा प्रसंग के माध्यम से बताया कि प्रकृति की सेवा और संरक्षण ही सच्ची भक्ति है। कथा के दौरान भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा पंडाल “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजक पवन कुमार (सभासद) ने बताया कि कथा के आगामी दिनों में रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 14 अप्रैल को हवन-पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस अवसर पर सह-आयोजक शिवपूजन गुप्ता, रामनवमी जायसवाल, अनूप कुमार गुप्ता ‘पिलाऊ’ सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने की अपील की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh