Latest News / ताज़ातरीन खबरें

फर्जी हाफ एनकाउंटर के आरोप पर सियासत तेज, मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र

लखनऊ/आजमगढ़, 13 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने आजमगढ़ में कथित फर्जी हाफ एनकाउंटर के मामले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष श्री धमेन्द्र उर्फ अभिषेक, निवासी ग्राम चकला चंद, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ को 28 मार्च 2026 को पुलिस द्वारा दोपहर 12:40 बजे उनके घर से उठाया गया। आरोप है कि 29 मार्च 2026 को जीयनपुर कोतवाली में उनके खिलाफ फर्जी प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हाफ एनकाउंटर दिखाते हुए जेल भेज दिया गया।
पत्र में यह भी दावा किया गया है कि उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, लेकिन बाद में संबंधित रिकॉर्ड नष्ट कर दिए गए। एमएलसी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
देवेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ की भूमिका की भी जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

एमएलसी ने मुख्यमंत्री से निम्न मांगें की हैं—
मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कथित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सत्य सामने लाया जाए।
पीड़ित को न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh