Politics News / राजनीतिक समाचार

किसानों की विभिन्न मांगो को लेकर किसान सभा ने एसडीएम को सौंपा सौंपा ज्ञापन

घोसी।मऊ। उत्तर प्रदेश किसान सभा की घोसी तहसील इकाई ने सीपीआई के पूर्व विधान सभा प्रत्याशी व किसान नेता शेख हिसामु‌द्दीन के नेतृत्व में किसानों से जुड़ी मांगो को लेकर बुधवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पांच सूत्रीय मांग पत्र घोसी एसडीएम अशोक कुमार सिंह को सौंप कर किसानों के हक की बात उठाई।
 पूर्व विधान सभा प्रत्याशी व किसान नेता शेख हिसामुद्दीन ने कहा कि देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा कृषि कार्य पर निर्भर है। किसान बेमौसम की मार झेल रहा है। फिर भी 140 करोड़ देशवासियों के लिए अनाज उत्पन्न करने का कार्य अन्नदाता किसान ही कर रहा है। बावजूद इसके केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियां किसान हित में नहीं है। जबकि भारतीय संसद और विधानसभा में 80% प्रतिनिधि किसानों के सहयोग से चुने जाते हैं लेकिन वहां पहुंचकर किसान हित की बात ना कर देशी और विदेशी कॉरपोरेट कंपनियों के दबाव में किसान विरोधी नीतियों का समर्थन करते हैं। तहसील क्षेत्र के तमाम क्रय केंद्रों पर बोरे की उपलब्धता का बहाना बताकर किसानों को बिचौलियों के माध्यम से औने पौने दाम पर गेहूं बेचने को मजबूर किया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में व्यापक पैमाने पर घोर भ्रष्टाचार व्याप्त है।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में किसान नेताओं ने क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरा व सुतली उपलब्ध कराने, बिचौलियों की लूट से किसानों को बचाने के लिए क्रय केंद्रों के संचालकों सहित संबंधित विभाग द्वारा किसानों को प्रोत्साहित कर उनके उपज की समुचित कीमत दिलाने, समस्त क्रय केंद्रों का प्रतिदिन निरीक्षण करने, गेहूं खरीद के चौबीस घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में पैसा भेजे जाने तथा क्रय केंद्रों द्वारा गेहूं खरीद को लेकर तरह तरह की बहानेबाजी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर किसान सभा जिलाध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा, राज्य कार्यकारणी सदस्य राजकुमार भारती, राज्य सदस्य शेख हिसामुद्दीन, जिला मंत्री गुफरान, उदय नारायण राय, जय राम यादव, जावेद आलम, मो रज़ा, अखिलेन्द्र प्रताप, घनश्याम यादव, फूलचंद यादव, मुन्ना यादव, साकिब, इमरान आदि के साथ दर्जनों किसान नेता व क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh