डीएम की अध्यक्षता में भाटपार रानी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
देवरिया ।जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को भाटपार रानी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निस्तारण मौके पर संभव नहीं हो सका है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के भी निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 49 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 12 राजस्व विभाग, 13 पुलिस विभाग, 4 विकास विभाग तथा 20 अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 8 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
इस दौरान 3 पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित कर त्वरित राहत प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय कर्मचारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment