Accidental News / दुर्घटना की खबरें

करेंट की चपेट में आने से सब्जी विक्रेता की मौत

आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के बछवल गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय सब्जी विक्रेता राहुल वेनवंशी की करंट लगने से मौत हो गई। राहुल अपने मकान के सामने गुमटी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे राहुल सब्जी मंडी से सब्जी लेकर घर लौटा। गांव में बिजली आपूर्ति थी, लेकिन उसके घर में बिजली नहीं थी। बताया गया कि तार में कार्बन जमा होने के कारण बिजली की सप्लाई बाधित थी। राहुल ने बांस की लग्गी की मदद से बिजली के पोल से जुड़े एक तार को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान जोड़ा गया तार मुख्य विद्युत तार से अलग होकर स्टेट तार के संपर्क में आ गया, जिससे राहुल करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत पीजीआई चक्रपानपुर ले गए, जहां देर रात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को गांव लाने के बाद राहुल के मृदुल व्यवहार के कारण ग्रामीणों की भीड़ शोक जताने पहुंची। परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से मना किया, लेकिन ग्रामीणों के समझाने पर मृतक के चचेरे भाई विजय वेनवंशी ने मेंहनगर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी की और शव को मर्चरी हाउस भेज दिया। राहुल के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे कह रहे हैं, "अब केकरे भरोसे जियल जाई?" इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh