Latest News / ताज़ातरीन खबरें

युवा उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य और कविता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

•पलक एंड ग्रुप ने लोकगीत और रिमझिम एंड ग्रुप ने लोकनृत्य में हासिल किया प्रथम स्थान, विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग

देवरिया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को संत विनोबा पीजी कॉलेज, देवरिया में जनपद स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, कविता और पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी प्रतिभा को उचित मंच और अवसर प्रदान करना आवश्यक है। ऐसे आयोजन युवाओं की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ ही भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथि देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही दिशा और मंच देने की। युवा उत्सव जैसे कार्यक्रमों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं। युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अर्जुन मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी काशीनाथ ने कहा कि विभाग का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाना है। वहीं, मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। मेरा युवा भारत युवाओं को नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और व्यक्तित्व विकास के लिए विभिन्न अवसर उपलब्ध करा रहा है।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में लोकगीत (समूह) में पलक एंड ग्रुप प्रथम, सुनीता एंड ग्रुप द्वितीय और खुशी एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। लोकनृत्य (समूह) में रिमझिम एंड ग्रुप ने प्रथम, आयुषी एंड ग्रुप ने द्वितीय तथा धरा एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता प्रतियोगिता में रोशनी मणि त्रिपाठी प्रथम, अपराजिता दुबे द्वितीय और श्रीवर्धन शिवम सिंह तृतीय रहे। पेंटिंग प्रतियोगिता में यशी मौर्या प्रथम, तूलिका चौरसिया द्वितीय तथा प्रिया कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. साधना तिवारी, डॉ. प्रीति सिंह, स्वामी विजयमल्ल और दयानंद मिश्रा शामिल रहे। अंत में कार्यक्रम प्रभारी नीरज मिश्रा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निखिल आनंद, संतोष यादव, आशीष सिंह, अर्जुन सिंह, कुलदीप साहू, विशाल कुमार गुप्ता, युवक मंगल दल अध्यक्ष विकास यादव, शिवम पांडेय, ओमप्रकाश यादव, रत्नेश प्रसाद,  सत्यम ,जयमंगल और वीरबहादुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh