जौनपुर मेडिकल कॉलेज में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0, युवाओं को किया जागरूक
जौनपुर। तंबाकू के सेवन से युवाओं को बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत काउंसलिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) आर.बी. कमल के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन तंबाकू निषेध के नोडल अधिकारी डा. अनिल कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को तंबाकू एवं उससे बने विभिन्न उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को बताया गया कि तंबाकू, गुटखा, खैनी, बीड़ी और सिगरेट का सेवन मुंह के कैंसर, फेफड़ों के रोगों सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसके साथ ही तंबाकू की लत से बचने, नशे की आदत छोड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. अनुज सिंह के नेतृत्व में डा. मुदित चौहान, डा. नवीन कुमार, डा. आदर्श मौर्य, डा. पूजा पाठक, इंटर्न, एमएसडब्ल्यू एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर युवाओं को स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) आर.बी. कमल ने कहा कि युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक हैं।





















































Leave a comment