Crime News / आपराधिक ख़बरे

बिजरवा सर्विस लेन पर मिला युवक का शव, भूमि विवाद में हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

मुबारकपुर (आजमगढ़)। आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग की बिजरवा सर्विस लेन पर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश यादव (35) पुत्र चंद्रभान यादव निवासी बिजरवा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। युवक के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करता था। परिजनों ने पुराने भूमि विवाद को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, तीन अक्टूबर की रात करीब 10 बजे बिजरवा गांव के पास सर्विस लेन पर मुकेश यादव घायल अवस्था में मिले। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनके परिवार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के निस्तारण के लिए मुकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी।

मृतक के भाई अरविंद यादव के मुताबिक, घटना की रात मुकेश अपने भाई अरविंद और शैलेश के साथ बिजरवा स्थित पुराने मकान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद मुकेश बाइक से अपने नए मकान की ओर निकले। आरोप है कि बिजरवा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। शोर सुनकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुकेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मुकेश यादव बिजरवा सर्विस लेन पर संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में चोट लगने के कारण मृत पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस साक्ष्यों के आधार पर छानबीन कर रही है।

मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिचंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मुकेश यादव की मौत हादसा है या सुनियोजित हत्या, यह जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh