मोबाइल और मंगलसूत्र छिनैती की दो वारदातों का पुलिस ने किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
देवरिया।कोतवाली पुलिस ने मोबाइल और मंगलसूत्र छिनैती की दो घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, मंगलसूत्र बेचने से मिली रकम में से शेष पांच हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पल्सर एनएस-160 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मालवीय रोड निवासी अमन का आईफोन मोटरसाइकिल सवार बदमाश छीनकर फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, 27 अक्टूबर को गौरी बाजार से रुद्रपुर जाने वाले मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने संगीता देवी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। इस संबंध में गौरी बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोनों मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस ने सुरौली थाना क्षेत्र के नगउर गांव स्थित आरोपितों के घर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली में बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


























































Leave a comment