Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बसही गांव में छत लादने का काम कर रहा था 22 वर्षीय सूरज निषाद, हादसे में गई जान; परिवार में मचा कोहराम

अहरौला (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र में मजदूरी करने गए 22 वर्षीय युवक की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी करने गया था, लेकिन काम के दौरान हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनकट गांव निवासी राधेश्याम निषाद का 22 वर्षीय पुत्र सूरज निषाद गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे घर से मजदूरी करने निकला था। वह पास के बसही गांव में कालीचरण के यहां मकान की छत लादने का काम करने गया था।

बताया जा रहा है कि मजदूरी के दौरान मकान की दूसरी मंजिल की छत पर काम करते समय अचानक उसका हाथ छूट गया और वह नीचे जमीन पर जा गिरा। गिरने से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

22 वर्षीय सूरज की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। एक मजदूर परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh