Latest News / ताज़ातरीन खबरें

त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम और एसपी ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

•त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील

 देवरिया ।आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ पूजा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
       जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी त्योहार प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी लोग त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं उल्लास के साथ मनाएं। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
   बैठक के दौरान पटाखों की दुकानों को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आतिशबाजी की दुकानें सड़कों से दूर चिन्हित स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। संबंधित अधिकारियों को पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
       जिलाधिकारी ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी सतर्कता बरतें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
       जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर पालिका तथा नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को छठ घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
       पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक सूचनाओं को फैलाने से बचें। यदि कहीं कोई समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करे।
       जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने जनपदवासियों से सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
     आयोजित इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी गण, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी गण व विभिन्न धर्मो के धर्मगुरु व प्रबुद्ध जन आदि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh