Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गन्ना मूल्य ₹650 प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग, किसान सभा ने दिया धरना, गन्ना अधिकारी को छह सूत्रीय मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन ।

देवरिया। गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा   बनकटा मंडल अध्यक्ष बृजानंद यादव के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने सहकारी गन्ना समिति प्रतापपुर के कार्यालय पर धरना दिया। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने तथा बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित तत्काल भुगतान कराने की मांग उठाई। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन समिति के सचिव की अनुपस्थिति में सुपरवाइजर को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की, कि प्रतापपुर चीनी मिल चालू होने से पहले गन्ने के बकाया मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए। आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए तथा चीनी के मूल्य पर नियंत्रण रखा जाए। इसके अलावा गन्ने का रकबा बढ़ाने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय करने और पेराई सत्र के प्रथम पक्ष में पेड़ी गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि किसान समय से रबी की बुवाई कर सकें।
किसानों ने चालू पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को सस्ती दर पर खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन
किसान सभा ने ज्ञापन के माध्यम से चीनी मिल प्रबंधन और शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर समुचित कार्रवाई नहीं हुई, तो चीनी मिल के गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान नीतियों की आलोचना भी की गई।
वहीं, समिति में हाल ही में आयोजित वार्षिक सामान्य सभा (एजीएम) की बैठक में निर्वाचित डेलीगेटों और आम किसानों को सूचना नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।
धरने में साधुशरण, जयप्रकाश यादव, नथुनी कुशवाहा, चंद्रभान सिंह, बृजानंद यादव, पहवारी सिंह, किताब यादव और केशव सिंह सहित अन्य किसान नेता शामिल रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh