हत्या की नीयत से फायरिंग के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, देसी पिस्टल व खोखा बरामद
आजमगढ़। अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक पुरुष अभियुक्त और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
तरवां थाना क्षेत्र में फायरिंग का मामला:
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को सरायभादी गांव निवासी जितेंद्र यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के प्रिन्स यादव उर्फ गोलू ने उनके घर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में 27 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने 28 अक्टूबर को खरिहानी बाजार से आगे आजमगढ़ की ओर जाने वाले तिराहे के पास से आरोपी प्रिन्स यादव उर्फ गोलू पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी सरायभादी, थाना तरवां को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में महिला गिरफ्तार:
वहीं, मुबारकपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के घर से चले जाने के मामले में पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानतीय वारंट (NBW) में वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को सठियांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सरिता पत्नी विजय प्रताप, निवासी डिलियापार सबरुपुर, थाना जीयनपुर का नाम सामने आया। पुलिस ने न्यायालय से जारी NBW के अनुपालन में 28 अक्टूबर को उकरौरा पुलिया के पास से सरिता को गिरफ्तार किया।
दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


























































Leave a comment