करवा चौथ को लेकर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
देवरिया। बरहज करवा चौथ के पर्व को लेकर क्षेत्र के बरहज नगर में भीड़ बढ़ गई है। बुधवार को करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
करवा चौथ का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए व्रत रखती हैं। पर्व की तैयारियों को लेकर महिलाएं कई दिनों पहले से ही खरीदारी में जुट जाती हैं। बुधवार को बाजारों में इस उत्साह का असर साफ दिखाई दिया। महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार साड़ियां, सूट, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और अन्य शृंगार की वस्तुओं की खरीदारी की।
वहीं, करवा चौथ की पूजा के लिए करवा, छलनी, दीपक, पूजा की थाली, मिठाई, फल और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। कई महिलाओं ने पूजा से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की, जबकि कुछ महिलाएं पर्व के लिए नए कपड़े और शृंगार का सामान खरीदती लगी गई।
करवा चौथ को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को सजाकर विभिन्न प्रकार के सामान उपलब्ध कराए। कपड़े, चूड़ी, कॉस्मेटिक और पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को पर्व के अवसर पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। बाजार में बढ़ी भीड़ के चलते मुख्य बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
करवा चौथ को लेकर महिलाओं में उत्साह और बाजारों में बढ़ी रौनक ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया है। गुरुवार को महिलाएं परंपरा के अनुसार व्रत रखकर पूजा-अर्चना करेंगी और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करेंगी।


























































Leave a comment