नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में लखनऊ मार्ग पर चेकपोस्ट के आगे महमूदपुर गांव स्थित एक नर्सिंग होम में मंगलवार रात नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और ऑपरेशन में देरी का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, रानी की सराय क्षेत्र के सेठवल निवासी राजनारायण जायसवाल की पत्नी शालिनी जायसवाल का पिछले कई महीनों से इसी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह प्रसव के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि दोपहर में ही ऑपरेशन के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए गए थे और 10 हजार रुपये भी जमा करा लिए गए। इसके बावजूद ऑपरेशन रात करीब 9 बजे शुरू किया गया। परिजनों का कहना है कि इस दौरान महिला की समुचित देखरेख नहीं की गई, जिसके बाद नवजात की मौत हो गई।
नवजात की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर रानी की सराय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से मामले में तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


























































Leave a comment