जर्जर बिजली पोल गिरने से स्टेशन मार्ग ठप, हजारों घरों की बत्ती गुल
देवरिया। भाटपार रानी रेलवे स्टेशन के सामने सोमवार तड़के करीब चार बजे जर्जर विद्युत पोल अचानक मुख्य सड़क पर स्थित एक मकान पर गिर गया। पोल गिरते ही चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पोल गिरने से मुख्य मार्ग पर करीब छह घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चारपहिया और बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा, जबकि दोपहिया वाहन किसी तरह निकलते रहे।
विद्युत पोल गिरने से रेलवे स्टेशन और कस्बे की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे हजारों घरों में बिजली गुल रही और घरेलू कामकाज प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और नगर पंचायत को सूचना देकर पोल हटाने, रास्ता साफ कराने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने घंटों मशक्कत के बाद पोल हटाया और बिजली आपूर्ति बहाल की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में आधा दर्जन से अधिक विद्युत पोल जर्जर हालत में हैं, लेकिन उन्हें बदलने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पुराने पोल और तारों की अनदेखी से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विद्युत विभाग और नगर प्रशासन से जर्जर पोलों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द बदलने की मांग की है।






















































Leave a comment