मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में स्टेडियम चौकी प्रभारी दरोगा अरुण चाहर की मौत, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सड़क दुर्घटना में सिविल लाइन थाने की स्टेडियम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण चाहर की मौत हो गई। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक अरुण चाहर शासकीय कार्य से थाना जानसठ क्षेत्र में गए थे। वहां से थाना सिविल लाइन लौटते समय वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जानसठ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसएसपी सूरज कुमार राय, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ और एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार सेवा संबंधी लाभ और पुलिस वेतन पैकेज के तहत अनुमन्य सुविधाएं दिलाने की बात कही है।
उपनिरीक्षक अरुण चाहर के निधन से पुलिस विभाग ने अपने एक साथी को खो दिया। उनके असामयिक निधन पर पुलिसकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।




















































Leave a comment