दो अलग-अलग मामलों में दो अभियुक्त गिरफ्तार, तरवां पुलिस ने चोरी के आरोपी को दबोचा, रौनापार पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म व धमकी के मामले में की कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। थाना तरवां पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि थाना रौनापार पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में नामजद अभियुक्त को हिरासत में लिया। दोनों मामलों में पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
तरवां पुलिस ने चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, ग्राम पड़री निवासी रामसरेख यादव पुत्र स्वर्गीय इन्द्रदेव यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर 2026 की रात उनके खेत में लगे ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोनोब्लॉक, स्टार्टर और स्टेपलाइजर चोरी कर लिया गया था। इसके अलावा पड़ोसी के खेत से भी स्टेपलाइजर चोरी होने की बात सामने आई थी। मामले में 10 अक्टूबर को थाना तरवां में मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305 और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में उपनिरीक्षक सूरज तिवारी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मनीष यादव उर्फ झिनकू (30 वर्ष), निवासी भिखारीपट्टी, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ को नूरपुर-भंवरपुर पुलिया के पास से सुबह करीब 9:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।
रौनापार पुलिस ने दुष्कर्म व धमकी के मामले में आरोपी को पकड़ा
वहीं, थाना रौनापार क्षेत्र में एक किशोरी से संबंधित मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने उनकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर करीब एक वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाए और चोरी से फोटो व वीडियो बनाकर उसे धमकाया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
इस संबंध में थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 305/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त अजीत विश्वकर्मा (19 वर्ष), पुत्र गोरख विश्वकर्मा, निवासी ग्राम सहनुपुर, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ को सहनुपुर तिराहे से दोपहर करीब 1:05 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।






















































Leave a comment