कोर्स पूरा, फिर भी प्रमाणपत्र नहीं! दो साल से परेशान छात्र पहुंचे कोतवाली
देवरिया। जनपद के सलेमपुर में कोर्स पूरा होने के बावजूद प्रमाणपत्र नहीं मिलने से परेशान छात्र-छात्राओं ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सलेमपुर क्षेत्र स्थित एक निजी पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के खिलाफ एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने कोतवाली में सामूहिक लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। विद्यार्थियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें प्रमाणपत्र देने के नाम पर टालमटोल किया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने संस्थान में एएनएम और जीएनएम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया था। निर्धारित कोर्स पूरा करने के बाद भी उन्हें अब तक प्रमाणपत्र नहीं मिले हैं। उनका आरोप है कि लगातार प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रमाणपत्र नहीं मिलने से वे आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसरों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। दो वर्षों से जारी इस परेशानी के कारण विद्यार्थियों के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है और जांच-पड़ताल की जा रही है। संस्थान के संचालक ने जिन विद्यार्थियों को अभी तक प्रमाणपत्र नहीं मिले हैं, उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए 15 दिन का समय मांगा है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच और निर्धारित समय में प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की स्थिति के आधार पर की जाएगी।
विद्यार्थियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संस्थान की मान्यता एवं प्रमाणपत्रों की वैधता की पड़ताल करने और उन्हें जल्द से जल्द प्रमाणपत्र दिलाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि संस्थान संचालक 15 दिन के भीतर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र उपलब्ध करा पाते हैं या नहीं। फिलहाल, छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य से जुड़ी इस समस्या के समाधान का इंतजार है।






















































Leave a comment