Crime News / आपराधिक ख़बरे

पोखरे में बालक के बाद किशोरी का शव मिलने से सनसनी, घोसी पुलिस मौके पर पहुंची


पोखरे में दोपहर में तीन वर्षीय बालक की मौत, शाम को मिला 16 वर्षीय छात्रा का शव


घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर बाजार स्थित पोखरे में गुरुवार को कुछ घंटे के अंतराल पर तीन वर्षीय बालक और 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सम्बन्धित परिवारों में कोहराम मचा।
      सुल्तानपुरबाजार निवासी मोहम्मद रय्यान पुत्र अतीकुर्रहमान घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित पोखरे के पास खेलते-खेलते पहुंच गया था। दोपहर करीब ढाई बजे उसका शव पानी में मिला। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रय्यान के पिता गांव में ही मजदूरी करते हैं। उसकी मां समा बानो और 10 वर्षीय भाई अयान हैं। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे तभी शाम करीब पांच बजे उसी पोखरे में किशोरी अंशु का शव उतराता दिखाई दिया।
  बनकरा खुर्द गांव निवासी अंशु 16 वर्षीय कक्षा 10 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक वह बुधवार रात सुल्तानपुर में लगे दशहरा मेले में गई थी और रात करीब 12 बजे घर लौटकर सो गई थी। गुरुवार अल सुबह उसकी मां ममता की आंख खुली तो अंशु घर में नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शाम को उसी पोखरे में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
अंशु तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता प्रेमचंद आजीविका के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। घर पर मां ममता अपने बेटे अभिनव और बेटियों के साथ रहती हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ घोसी सतेंद्र भूषण तिवारी और कोतवाल रवींद्रनाथ राय पुलिस के साथ मौके पर पहुंच कर पुलिस को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh