प्रधानों की समस्याओं को लेकर पंचायत राज मंत्री को सौंपा मांगपत्र, प्रधान संगठन ने उठाई आवाज
देवरिया।भागलपुर, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन और ग्राम प्रधानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन, जनपद देवरिया इकाई ने प्रदेश सरकार के पंचायत राज कैबिनेट मंत्री को मांगपत्र भेजा है। संगठन के जिलाध्यक्ष महेश्वर मिश्रा ‘बबलू’ की ओर से दिए गए मांगपत्र में ग्राम प्रधानों और प्रशासकों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई है।
मांगपत्र में कहा गया है कि ग्राम प्रधानों और प्रशासकों की ओर से जिला प्रशासन के समक्ष पंचायतों में विकास कार्यों को लेकर उत्पन्न समस्याओं से बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका है। संगठन का कहना है कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के दौरान जिम्मेदारियों के बावजूद कई स्तरों पर सहयोग और स्पष्ट दिशा-निर्देश का अभाव बना हुआ है। इससे ग्राम प्रधानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने कहा कि ग्राम पंचायत की जनता विकास कार्यों को लेकर प्रधानों से अपेक्षा रखती है, जबकि कार्यों के संचालन और भुगतान से जुड़ी समस्याओं के कारण प्रधानों पर जनता के सवालों का दबाव बढ़ता है। ऐसे में पंचायत स्तर पर लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान जरूरी है।
मांगपत्र में पूर्व की भांति ग्राम प्रधानों/प्रशासकों को मानदेय देने, पूर्व में अनुमोदित एवं कराए गए विकास कार्यों का भुगतान कराने, कार्यकाल के दौरान किसी ग्राम प्रधान/प्रशासक की मृत्यु होने पर पूर्व की भांति परिवार को सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने, एसबीएम का समय से भुगतान करने, मनरेगा के तहत पूर्व में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान कराने तथा एमडीएम को पूर्व की भांति शुरू कराने की मांग की गई है।
संगठन ने पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने के साथ ग्राम प्रधानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की है। मांगपत्र पर संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।























































Leave a comment