घोसी में बिजली लाइनों के लिए खतरा बने पेड़ों की शाखाओं की कटिंग शुरू
रेलवे स्टेशन से तहसील मुख्यालय तक विद्युत विभाग ने चलाया अभियान, निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने की कवायद
घोसी।मऊ। घोसी नगर में विद्युत आपूर्ति को सुचारू एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग द्वारा पेड़ों की कटिंग का अभियान शुरू किया गया है। रविवार को रेलवे स्टेशन से तहसील मुख्यालय तक सड़क किनारे विद्युत लाइनों के आसपास फैली पेड़ों की शाखाओं की कटिंग कराई गई। विभाग की टीम ने विद्युत तारों से सट रही और आपूर्ति में बाधा बनने वाली शाखाओं को हटाया।
अभियान अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश एवं एसडीओ इंद्र बहादुर मौर्या के निर्देशन में चलाया जा रहे अभियान में हाइटेंशन विद्युत तारों के उपर से या अगल बगल के सटे पेड़ों की टहनियों, डालियों को काटा जा रहा है। जिससे फाल्ट की समस्या कम होने की सम्भावना रहेगी।
अवर अभियंता माजिद ने बताया कि विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाएं बढ़ जाने से हवा और बारिश के दौरान तारों के संपर्क में आने से फाल्ट की आशंका बनी रहती है। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ दुर्घटना की भी संभावना रहती है। इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर पेड़ों की छंटाई कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन से तहसील मुख्यालय तक सड़क किनारे जहां भी विद्युत लाइनों के लिए पेड़ों की शाखाएं बाधा बन रही हैं वहां चरणबद्ध तरीके से कटिंग कराई जा रही है। विभाग का उद्देश्य विद्युत लाइनों को सुरक्षित रखते हुए नगरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
कटिंग कार्य के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारी लल्लू, इमरान, सुभाष, रविंद्र समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं को लेकर आगे भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
























































Leave a comment