Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भव्यता के साथ निकली गई श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शोभायात्रा

आजमगढ़। जिले के महराजगंज के जमीलपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया। श्री राम-जानकी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

विगत छह वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष शोभायात्रा का शुभारंभ श्री बैजनाथ सिंह जी के आवास से हुआ। पूजन, आरती एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यात्रा प्रारंभ हुई। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं वसुदेव जी द्वारा बालकृष्ण को मथुरा से गोकुल ले जाने की झांकी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

शोभायात्रा के दौरान गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भक्ति गीतों एवं जयकारों से पूरा वातावरण कृष्णमय बना रहा। बच्चों के बाल स्वरूप और धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

शोभायात्रा के श्री राम-जानकी कुटी पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठान, मंगल आरती एवं भजन-संध्या का आयोजन किया गया। कुटी परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया और प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन में जनपद के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं, संत-महात्माओं तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समिति के सचिव दुर्गेश कौशिक ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शोभायात्रा अब जमीलपुर की एक ऐसी परंपरा बन चुकी है, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव भी दिखाई देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष अलंकार कौशिक, सह सचिव मनोज सेठ व कोषाध्यक्ष सीताराम सिंह सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कई माह की तैयारियों और सभी के सामूहिक परिश्रम, समय, आर्थिक सहयोग एवं समर्पण से यह आयोजन संभव हो पाया है। समिति भविष्य में भी इस परंपरा को और व्यापक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh