विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ खाने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहा चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। शाहगंज ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जगदीशपुर गांव निवासी विनोद मौर्य (27) शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने परिवार के साथ कमरे में था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसने विषाक्त पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे ताहिर मेमोरियल ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बेहतर उपचार के लिए विनोद को जौनपुर जिले के शाहगंज ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर फूलपुर कोतवाली पहुंचे। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता चंद्रबली मौर्य ने पोस्टमार्टम कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। बताया गया कि विनोद फूलपुर नगर पंचायत में निजी वाहन चलाता था, लेकिन करीब आठ माह पहले उसने वाहन चलाना छोड़ दिया था। उसकी पहली पत्नी की पूर्व में मौत हो चुकी है, जिससे उसकी दो पुत्रियां हैं। दूसरी शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ घर पर ही रह रहा था। कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों के आग्रह पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौत के पीछे के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।























































Leave a comment