हादसे में घायलों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे DM-SSP, रक्षाबंधन पर घायल महिलाओं से बंधवाई राखी
•घायलों और परिजनों से संवाद कर बेहतर इलाज का दिलाया भरोसा, चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के निर्देश
आजमगढ़। थाना पवई क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर हुई सड़क दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों का हाल जाना।
दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों को घायलों को समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रक्षाबंधन पर दिखा भाई-बहन का आत्मीय रिश्ता
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर अस्पताल में मौजूद घायल महिलाओं एवं उनके परिजनों से अधिकारियों ने आत्मीय संवाद किया। इस दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राखी बांधी। अधिकारियों ने भी बहनों के प्रति भाई का फर्ज निभाते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
हादसे के दर्द के बीच अस्पताल में रक्षाबंधन का यह भावुक दृश्य मानवीय संवेदना की मिसाल बन गया। अधिकारियों ने घायलों को यह भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस उनके साथ खड़ी है तथा इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
जिला प्रशासन एवं आजमगढ़ पुलिस ने जनपदवासियों की सुरक्षा, संवेदना और सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संकट की घड़ी में प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तत्पर है।






















































Leave a comment