आजमगढ़ में SSP डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन परेड की ली सलामी, यूपी-112 से डॉग स्क्वाड तक किया निरीक्षण
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार, 21 अगस्त को पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर जवानों की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट और अनुशासन का बारीकी से जायजा लिया तथा पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। SSP ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने, अनुशासन बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान जनता के प्रति संवेदनशील एवं मधुर व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का किया औचक निरीक्षण
परेड के बाद SSP डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मेस, निर्माणाधीन आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार और गैस एजेंसी सहित अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यूपी-112 वाहनों और उपकरणों की जांच
SSP ने यूपी-112 के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
उन्होंने यूपी-112 प्रभारी को वाहनों में आने वाली तकनीकी कमियों को तत्काल दूर कराने तथा दंगा नियंत्रण उपकरण, टैबलेट और अन्य आवश्यक संसाधनों को हमेशा दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनता को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और रिस्पांस टाइम बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
डॉग स्क्वाड के स्वास्थ्य और प्रशिक्षण की ली जानकारी
SSP ने पुलिस लाइन स्थित डॉग स्क्वाड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस डॉग्स के स्वास्थ्य, खान-पान और प्रशिक्षण की जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को डॉग्स की नियमित देखभाल और लगातार अभ्यास कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी सेवाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके।
अर्दली रूम में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं
निरीक्षण के अंत में SSP डॉ. अनिल कुमार ने अर्दली रूम आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
SSP के इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने, पुलिसकर्मियों में अनुशासन एवं कार्यक्षमता बढ़ाने तथा आम जनता को त्वरित, संवेदनशील और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना रहा।























































Leave a comment