महिला की हत्या के मामले का आरोपी गिरफ्तार
देवरिया।सलेमपुर थाना पुलिस ने महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू गुप्ता है। उसे 20 अगस्त 2026 को उसके मामा के घर ग्राम भड़सड़ा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे बरसीपार रेलवे ट्रैक के पास उसकी दोस्त निर्मला देवी से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान उसने चाकू मारकर निर्मला देवी की हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हरनही चौराहे के पास रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। वहीं, हत्या के समय आरोपी द्वारा पहने गए खून लगे कपड़े भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम टीमपार पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक की पॉलिथीन से बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। मामले में बरामद चाकू के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में वादी उपेन्द्र ठाकुर की सूचना पर थाना सलेमपुर में मुकदमा अपराध संख्या 272/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
























































Leave a comment