Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई, दो किशोर श्रमिक कराए गए मुक्त

 देवरिया।जिला टास्क फोर्स टीम ने तहसील बरहज क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाकर कार्रवाई की।अभियान के दौरान भलुअनी एवं बरहज में एक-एक प्रतिष्ठान पर किशोर श्रमिक कार्यरत पाए गए। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल दो किशोर श्रमिकों को कार्य से मुक्त कराया गया तथा प्रतिष्ठान स्वामियों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी जारी की गई।

          श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार ने अभियान के दौरान व्यापारियों एवं आसपास के लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि बच्चों से श्रम न कराया जाए, बल्कि उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजकर शिक्षा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि आसपास कहीं भी बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग को दें, ताकि बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

         उन्होंने बताया कि बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों को उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही उनके कौशल विकास एवं परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

          श्रम विभाग ने व्यापारियों, फैक्ट्री संचालकों एवं दुकानदारों से अपील की है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी कार्य में नियोजित न करें। वहीं 14 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को खतरनाक कार्य अथवा प्रक्रिया में नियोजित करना प्रतिबंधित है। बाल श्रम कराना दंडनीय अपराध है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कारावास एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। पुनरावृत्ति की स्थिति में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

          श्रम विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास कहीं भी बाल श्रम होता दिखाई दे तो तत्काल श्रम विभाग, विकास भवन परिसर, देवरिया, जिला टास्क फोर्स अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि जनपदवासियों के सामूहिक सहयोग से ही देवरिया को बाल श्रम मुक्त बनाया जा सकता है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh