Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़ जिला अस्पताल से शर्मनाक खबर: 85 वर्षीय बुजुर्ग का हाथ ऐंठकर ओपीडी से निकालने का आरोप, डिप्टी सीएम ने बैठाई 3 सदस्यीय जांच टीम

आजमगढ़। सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंची 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। मंडलीय जिला अस्पताल में पांच महीने पहले हुई इस घटना को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर गुरुवार को तीन सदस्यीय जांच टीम जिला अस्पताल पहुंची और करीब तीन घंटे तक मामले की पड़ताल की।

मामला 12 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी 85 वर्षीय सावित्री सिंह घर में गिरने से हाथ में फ्रैक्चर होने के बाद अपने बेटे देवेंद्र सिंह के साथ मंडलीय जिला अस्पताल पहुंची थीं। परिजनों के मुताबिक, वह इलाज के लिए कमरा नंबर 26 में तैनात आर्थो सर्जन डॉ. विनोद कुमार के पास गई थीं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि ओपीडी में मरीजों की संख्या कम होने के बावजूद डॉक्टर ने बुजुर्ग महिला को देखने से इनकार कर दिया। महिला द्वारा डॉक्टर से इलाज के लिए आग्रह करने पर कथित तौर पर उन्हें बाद में देखने की बात कही गई। आरोप है कि बेटे के आग्रह करने पर डॉक्टर नाराज हो गए।

परिवार का आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने बुजुर्ग महिला का हाथ पकड़कर ऐंठ दिया और धक्का देकर उन्हें ओपीडी से बाहर कर दिया। विरोध करने पर बेटे के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है। हंगामा बढ़ने के बाद डॉक्टर के मौके से चले जाने की बात कही गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

पांच महीने बाद शुरू हुई जांच

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद शिकायत के बावजूद मामले में लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। करीब पांच महीने बाद अब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम जिला अस्पताल पहुंची।

एडी स्वास्थ्य वाराणसी डॉ. विवेक अवस्थी के नेतृत्व में पहुंची टीम में एडी आजमगढ़ डॉ. बीके सिंह और एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय शामिल रहे।

टीम गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंची और लगभग तीन घंटे तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान पीड़ित परिवार के साथ-साथ अस्पताल के कर्मचारियों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh