साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, घोसी पुलिस ने वापस कराए 25 हजार रुपये
घोसी।मऊ। साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए घोसी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक युवक के 25 हजार रुपये वापस दिलाकर उसे बड़ी राहत दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते साइबर ठगों के खाते में गई रकम को समय रहते होल्ड कराया गया और पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस के अनुसार हरिगांव मानिकपुर हडहुआ निवासी विशाल मिश्रा के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने 25,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली थी। घटना के बाद विशाल मिश्रा ने 1 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही घोसी थाना की साइबर टीम सक्रिय हुई और तकनीकी जांच शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकिंग चैनलों के माध्यम से फ्रॉड की गई धनराशि को तत्काल होल्ड कराया। लगातार समन्वय और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 6 अगस्त 2026 को पीड़ित के खाते में पूरे 25 हजार रुपये वापस करा दिए गए।
यह कार्रवाई एसपी कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ जितेंद्र सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र नाथ राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत की गई।
इस सफलता में थाना घोसी की साइबर टीम के उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह (नोडल अधिकारी), उपनिरीक्षक दिनेश यादव (सहायक नोडल अधिकारी), हेड ऑपरेटर अरविंद यादव, महिला आरक्षी काजल सिंह और महिला आरक्षी पुष्पलता पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।


























































Leave a comment