महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का नगर पालिका बरहज में हुआ आयोजन
देवरिया।स्थानीय नगर पालिका परिषद गौरा बरहज कार्यालय में आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य ऋतु शाही मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं, बहनों एवं बेटियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
माननीय सदस्य ऋतु शाही ने महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता पर विशेष बल देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान ही एक सशक्त समाज की पहचान है। शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार, समाज तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा की रोकथाम, महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर महिलाओं को जागरूक किया गया।
अंत में यह संदेश दिया गया कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण ही विकसित समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है। महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए शासन-प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद गौरा बरहज निरंतर प्रतिबद्ध है।



























































Leave a comment