Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बाढ़ प्रभावित देवारा खास राजा पहुंचे जिलाधिकारी, खटिया पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

आजमगढ़।तहसील सगड़ी के बाढ़ प्रभावित गांव देवारा खास राजा के मौजा बगहवा में जिलाधिकारी ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खटिया पर बैठकर बच्चों एवं बुजुर्गों से बातचीत की और क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने बच्चों सृष्टि और आदित्य से उनकी पढ़ाई तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। वहीं ग्रामीणों से राशन, आवास, शौचालय, पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में भी बातचीत की।

इस दौरान गांव की बुजुर्ग महिलाओं गुलैची और दुर्गावती ने वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को दोनों महिलाओं की पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा तथा प्रशासन लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh