Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बम्हौर पुलिस चौकी का किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी त्वरित पुलिस सेवा

मुबारकपुर, आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना मुबारकपुर क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित बम्हौर पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया।

मंगलवार 17 जून 2026 को आयोजित उद्घाटन समारोह में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्रीय जनता को त्वरित, प्रभावी एवं सुलभ पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों की शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित होगा।

उद्घाटन के उपरांत एसएसपी ने व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी कर संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत संबंध स्थापित करना भी है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

स्थानीय नागरिकों ने बम्हौर पुलिस चौकी के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। लोगों का कहना था कि चौकी के संचालन से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और पुलिस सहायता पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक शशिमौली पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh