तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाईक को मारी टक्कर दो युवकों की दर्दनाक मौत सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तूपट्टी गांव के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी जान चली गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान चककोट खानकाह निवासी मिथलेश यादव (27) और गाहूखोर हसनपुर निवासी सचिन कुमार (25) के रूप में हुई है। बताया गया कि मिथलेश अपने एक रिश्तेदार से मिलने संजरपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम जा रहे थे। बाइक उनके मित्र सचिन कुमार चला रहे थे। रविवार की रात करीब 11.30 बजे जब दोनों संजरपुर बाजार से पहले छित्तूपट्टी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, मिथलेश यादव एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और अपने तीन भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटे थे। वहीं सचिन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे तथा वाहन चलाने का कार्य करते थे। दोनों की असामयिक मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















































Leave a comment