Latest News / ताज़ातरीन खबरें

21 जून को आजमगढ़ के 19 केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा, फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद

आजमगढ़ में 21 जून को होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, नोडल अधिकारियों और केंद्राध्यक्षों के साथ बैठक कर परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम रविन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी-2026 परीक्षा जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। सभी केंद्रों पर 18 जून तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू रहेगी, जिससे अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं 200 से 300 मीटर के दायरे में स्थित फोटोस्टेट और कॉपीयर की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, पेजर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे और परीक्षा समाप्त होने तक कोई भी अभ्यर्थी या प्रश्नपत्र केंद्र से बाहर नहीं जा सकेगा।
प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक 3-4 केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी की तैनाती की है। साथ ही उप जिलाधिकारी सदर, सगड़ी और निजामाबाद को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की निगरानी एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी करेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, नवोदय विद्यालय जीयनपुर के प्रधानाचार्य सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh