आजमगढ़: मान्यता प्राप्त पत्रकार राजीव चौहान को श्रद्धांजलि, सूचना कार्यालय में शोकसभा, परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन
आजमगढ़। मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से जुड़े राजीव चौहान के असामयिक निधन पर सोमवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कार्यालय में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजीव चौहान ने अपने पत्रकारिता जीवन में सदैव निष्पक्ष, जनहितकारी और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दी। उनका सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व मीडिया जगत के लिए प्रेरणास्रोत था तथा उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद समय में सूचना विभाग और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पत्रकार कल्याण योजना (JWS) के अंतर्गत परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक आवेदन कराकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शासन-प्रशासन स्तर पर उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य सहायता भी प्राथमिकता के आधार पर दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत राजीव चौहान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।




















































Leave a comment