Latest News / ताज़ातरीन खबरें

योग सप्ताह और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज

•सीडीओ ने विभागों को दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश ।
15 से 21 जून तक चलेगा योग सप्ताह, 21 जून को पर्यावरण पार्क सीताकुंड के निकट होगा मुख्य आयोजन; ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर होंगे कार्यक्रम ।
सुलतानपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योग सप्ताह 2026 एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, योग संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम आगामी 21 जून को पर्यावरण पार्क, सीताकुंड के निकट आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व 15 जून से 21 जून तक पूरे जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग सप्ताह के दौरान नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन और जीवनशैली सुधार का भी महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास किए जाएं।
वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और माध्यमिक विद्यालयों में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को योग के प्रति जागरूक किया जाए। विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश स्तर पर संचालित 14 दिवसीय योग अभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता के लिए विशेष ऑनलाइन लिंक एवं समर्पित टोल-फ्री नंबर के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। साथ ही योग सप्ताह के दौरान परिवार के साथ किए गए योगाभ्यास के फोटो और वीडियो ‘आयुष कवच’ एप पर अपलोड कर प्रतिभागिता दर्ज कराई जा सकेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और योग संस्थानों से अपील की कि वे व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक लोगों को योग सप्ताह और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों से जोड़ें, ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य सफल हो सके।
बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि तथा पतंजलि योग संस्थान, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी सहित विभिन्न योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh