आजमगढ़ में प्रवक्ता परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 14 केंद्रों पर 22,899 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
आजमगढ़:उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 9 और 10 मई को आयोजित होने वाली प्रवक्ता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता गंभीर सिंह (अपर जिलाधिकारी वि./रा.) ने की।
बैठक में जनपद के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, प्रबंधक, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 22,899 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी, जिसमें अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 से 8:45 बजे तक होगा। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रवेश 12:15 से 1:45 बजे तक सुनिश्चित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने निर्देश दिया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मधुबन कुमार सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक नगर) ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नकल या किसी भी अनियमितता में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।





















































Leave a comment