Crime News / आपराधिक ख़बरे

विद्यालय में शराबी युवक का उत्पात, शिक्षिकाओं व छात्राओं से अभद्रता का आरोप

तोड़फोड़ और अश्लील टिप्पणियों से स्कूल में दहशत, प्रधानाध्यापक ने थाने में दी तहरीर

बिलरियागंज, आजमगढ़। क्षेत्र के पतिलागौसपुर प्राथमिक (कम्पोजिट) विद्यालय में गांव के ही एक युवक द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने, विद्यालय में तोड़फोड़ करने तथा शिक्षिकाओं और छात्राओं से अभद्रता करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश यादव ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापक की ओर से पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, गांव का उक्त युवक आए दिन शराब के नशे में कुछ अराजक तत्वों के साथ विद्यालय परिसर में पहुंचकर हंगामा करता है। आरोप है कि हाल ही में युवक ने विद्यालय की पानी की टोटी तोड़ दी तथा बिजली के तार भी नोच डाले, जिससे विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हुई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी विद्यालय के गेट पर खड़े होकर महिला शिक्षकों और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करता है तथा उनकी जबरन फोटो और वीडियो बनाने का प्रयास करता है। विरोध करने पर वह विद्यालय के स्टाफ को मारपीट की धमकी देता है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से शिक्षकों और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रधानाध्यापक ने पुलिस से विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के साथ ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि विद्यालय में भयमुक्त वातावरण बना रहे और छात्राओं व शिक्षिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh