आजमगढ़ बड़ी खबर : तरवां में तेज आंधी से हादसा, नीम का पेड़ गिरने से किशोरी की मौत
आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम आई तेज आंधी एक परिवार के लिए भारी त्रासदी बन गई। जमीरपुर गांव स्थित ब्रह्म बाबा के स्थान पर बना छत का ढांचा अचानक ढह गया, जब उस पर खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ तेज हवा के झोंकों से उखड़कर गिर पड़ा।
हादसे के समय 15 वर्षीय साहिबा (पुत्री आली हुसैन) वहीं खड़ी थी। पेड़ और छत के मलबे में दबने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि साहिबा ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह अपने परिवार में तीन बहनों और दो भाइयों के बीच चौथे स्थान पर थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


























































Leave a comment