Accidental News / दुर्घटना की खबरें

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत, निमंत्रण से वापस घर लौट रहा था मृतक

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में मार्टिनगंज मार्ग पर स्थित खरांट गांव के समीप रविवार की देर रात निमंत्रण से वापस घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद डाला। इस दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक घायल हो गया। घायल युवक को पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेज शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बरदह थाना क्षेत्र के फतुही ग्राम निवासी 40 वर्षीय संजय यादव पुत्र रामचेत रविवार की शाम अपने गांव के मुन्नालाल यादव पुत्र बेनी प्रसाद के साथ बाइक से क्षेत्र में आयोजित किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों निमंत्रण से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे खरांट मोड़ के समीप बरदह से मार्टिनगंज की ओर जा रहा ट्रक बाइक सवार दोनों युवकों को अपनी चपेट में लेते हुए निकल गया।इस हादसे में संजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा मुन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बरदह भेजवाया, जहां संजय को मृत घोषित कर दिया गया। घायल मुन्नालाल की हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घायल का उपचार वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में बरदह थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तक मृतक पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh