Latest News / ताज़ातरीन खबरें

त्योहार और मेले में तेज आवाज में डीजे बजाया तो होगी कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क, थाने में पीस कमेटी की बैठक,

•एएसपी ईश्वर लाल गुर्जर ने दिए निर्देश मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने पर जोर
आजमगढ़। आगामी त्योहारों और मेलों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने निजामाबाद थाने पर पीस कमेटी की बैठक की। इसमें कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों के पीस कमेटी सदस्यों के साथ गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में डीजे की आवाज, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और मूर्ति विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एएसपी ईश्वर लाल गुर्जर ने स्पष्ट किया कि त्योहार और मेले के दौरान डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएं। आवाज इतनी तेज न हो कि आम लोगों को परेशानी हो। इसके साथ ही अधिक ऊंचाई वाले डीजे सेटअप लगाने से भी बचने की हिदायत दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि आवासीय क्षेत्रों में दिन के समय 55 और रात में 45 डेसीबल तक ध्वनि सीमा निर्धारित है। व्यावसायिक क्षेत्रों में यह सीमा दिन में 65 और रात में 55 डेसीबल है। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्रों में दिन में 75 और रात में 70 डेसीबल तथा शांति क्षेत्र में दिन में 50 और रात में 40 डेसीबल ध्वनि सीमा निर्धारित है। अस्पताल, स्कूल और न्यायालय के 100 मीटर के दायरे को शांति क्षेत्र की श्रेणी में रखा गया है।
बैठक में दुकानदारों और निजी प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने की अपील की गई। कैमरों का रुख सड़क और गलियों की ओर रखने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र की निगरानी हो सके और किसी घटना की स्थिति में पुलिस को आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
मूर्ति स्थापना और विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई के साथ पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। पटाखों के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की भी अपील की गई।
एएसपी ने क्षेत्र के लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुराने विवादों को अनावश्यक रूप से न बढ़ाया जाए। किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में एएसपी ईश्वर लाल गुर्जर ने सभी उपस्थित सदस्यों और क्षेत्रवासियों को आगामी त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर त्योहारों को प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh