Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालयों और खंड विकास कार्यालय तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण

•अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के दिए निर्देश

देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज विकासखंड तरकुलवा के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की व्यवस्था तथा विद्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय कमधेनवा, रामपुर गढ़, पिपरहिया एवं मुंडेरा रामनाथ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय पिपरहिया में तीन शिक्षामित्र एवं दो सहायक अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।

         जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षकों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के साथ-साथ उनका क्षमता संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि बच्चे जल्द से जल्द निपुण बनें और विद्यालयों को भी निपुण विद्यालय के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने विद्यालयों में निपुण तालिका एवं संदर्शिका के अनुरूप शिक्षण कार्य कराने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

       इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने पूर्वाह्न 10 बजे खंड विकास कार्यालय तरकुलवा का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अन्य अधिकारी उपस्थित नहीं पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कृत कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को ब्लॉक की व्यवस्थाओं एवं अधिकारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि सभी अधिकारी समय से कार्यालय में उपस्थित रहें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh