दीपावली से पहले मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 10 नमूने लिए गए
देवरिया।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अंतर्जनपदीय खाद्य सचल दल के सहयोग से जनपद के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। अलग-अलग टीमों ने स्वीट संसार स्वीट्स, शिवशक्ति स्वीट्स, कनक स्वीट्स (सिविल लाइंस), कनक स्वीट्स (गोरखपुर ओवरब्रिज), तिरुपति बालाजी स्वीट्स, पूजा स्वीट्स, स्टार बेकर्स, गोकुल स्वीट्स (सलेमपुर), बीकानेर स्वीट्स (स्टेशन रोड) तथा संजय यादव के लड्डू कारखाने की जांच की।
जांच के दौरान मिठाई निर्माण स्थलों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कच्चे माल की खरीद, स्वच्छ उपकरणों के इस्तेमाल, पेस्ट कंट्रोल और उससे संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की गई। इसके अलावा मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले रंग, चांदी के वर्क, खोया और दूध की गुणवत्ता, खाद्य लाइसेंस तथा खुदरा दुकानों पर मिठाइयों की उपयोग अवधि (यूज-बाई डेट) की भी जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभिन्न प्रतिष्ठानों से बूंदी के लड्डू, खोया मिठाई, छेना मिठाई, कराची हलवा, बेसन और बेसन के लड्डू के कुल 10 नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में सुधार के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, देवरिया हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली पर मिठाइयों की मांग और बिक्री बढ़ने के मद्देनजर विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment