ब्रह्माकुमारी बहनों ने रक्षाबंधन पर सभी को बांधी राखी, दिया प्रेम, पवित्रता और भाईचारे का संदेश
घोसी।मऊ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालयकी बहनों की ओर से रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने उपस्थित सभी भाई-बहनों को राखी एवं रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने राखी बंधवाई और समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल कलाई पर धागा बांधने तक सीमित नहीं है बल्कि आत्मिक प्रेम, पवित्रता, श्रेष्ठ संकल्प और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी को परमात्मा के बताए मार्ग पर चलने तथा अपने जीवन से बुराइयों और व्यसनों को दूर करने का संदेश दिया।
बहनों ने कहा कि आज के समय में मनुष्य को बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ अपने विचारों और भावनाओं की भी रक्षा करने की आवश्यकता है। सकारात्मक विचार, पवित्र भावनाएं और अच्छे संस्कार ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को अपने जीवन में नकारात्मकता से दूर रहने दूसरों के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना रखने तथा समाज में शांति एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प कराया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नागुप्ता एवं इब्राहिमाबाद के प्रधान मनीषराय ने ब्रह्माकुमारी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने परमात्मा के प्रति सच्चे स्नेह और सदैव स्मरण के अपने अनुभव को भी साझा किया।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने कार्यक्रम में आए सभी भाई-बहनों को बारी-बारी से राखी बांधी और उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में राम लखन, राजकुमार, राम नगीना, राजेश, फूल बदन, सतीराम, फतीगन, नागेश्वर, मंजू, गायत्री, शिल्पा, संगीता, ज्योति, ललमुनी, मीरा, बिनु, नीलम, दिव्या सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों भाई-बहनों ने राखी बंधवाकर पवित्रता, प्रेम और श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया।






















































Leave a comment